उदित वाणी, रांची : राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष व सत्तापक्ष ने फील्डिंग तेज कर दी. निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी के समर्थन में सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायक दल की बैठक की गई. बैठक में प्रत्याशी परिमल नथवाणी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो और लोजपा-आर के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान भी मौजूद थे.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधायकों के साथ वोटिंग की प्रक्रिया और समय पर पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की. वहीं बैठक में मौजूद छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी बिशेष तौर पर एनडीए विधायकों से जीत के समीकरण पर चर्चा की. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की. वहीं बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए एकजुट हैं और परिमल नाथवाणी की जीत निश्चित ही नहीं बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित है.
कांग्रेस अपनी निश्चित हार को लेकर अभी से ही छटपटाहट और हताशा में है. उन्होंने कहा कि परिमल नाथवाणी निर्दलीय प्रत्याशी हैं और सभी 81 विधायक उनके लिए वोटर हैं. सभी दल से वे संपर्क कर रहे हैं. उनके काम पर सभी को भरोसा हैं. वे पहले भी दो बार सांसद रह चुके हैं. 18 तारीख को सभी विधायक अपने स्वविवेक एवं अंतरात्मा की आवाज पर वोट करेंगे और परिमल नाथवाणी तीसरी बार विजय हासिल करेंगे. उन्होंने बताया कि कई विधायक नए भी हैं इसलिए कैसे मतदान करना है. कितने बजे जाना है. इस पर भी चर्चा हुई.
कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने पटना में राजद के प्रमुख नेता तेजस्वी यादव से की मुलाकात
उधर कांग्रेस के प्रत्याशी प्रणव झा ने पटना में राजद के प्रमुख नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की और समर्थन मांगा. बताया गया कि तेजस्वी यादव ने मुलाकात के बाद इंडी गठबंधन के उम्मीदवार के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर की. राजद की ओर से कहा गया कि सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ गठबंधन की चट्टानी एकता के साथ पार्टी खड़ी है.
गौरतलब हो कि झारखंड में राजद महागठबंधन का हिस्सा है और विधानसभा में उनके चार विधायक हैं. ऐसे में राजद का समर्थन चुनावी समीकरण में काफी अहम है. प्रणव झा ने भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य से भी मुलाकात की और माले के दो विधायकों का समर्थन मांगा. इस अवसर पर दीपांकर भट्टाचार्य ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है और भाजपा के किसी भी मंसूबे को झारखंड में सफल नहीं होने दिया जाएगा. वहीं आज और कल मुख्यमंत्री आवास में इंडी गठबंधन के विधायकों की अहम बैठकें की जायेगी और रणनीति पर चर्चा की जायेगी.


