उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और दो संदिग्ध अपराधियों के बीच फायरिंग की घटना सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक कई राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.
सूत्रों के मुताबिक पुलिस किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर इलाके में जांच कर रही थी. इसी दौरान दो अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला. कुछ देर तक चले घटनाक्रम के बाद अपराधी मौके से भागने का प्रयास करने लगे.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया. इसी क्रम में जैप-6 परिसर के निकट से एक युवक को हिरासत में लिया गया. उसे सिदगोड़ा थाना लाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक का फायरिंग की घटना से सीधा संबंध है या वह किसी गिरोह का सदस्य है.
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकता है.
घटना के बाद सूर्य मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस लगातार छापेमारी में जुटी हुई है.


