
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर द्वारा सेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंगलवार को हुए इन आयोजनों में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई प्रमुख नेता एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रमों की शुरुआत सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में विशेष मंगल आरती से हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। आरती उपरांत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं विधायक पूर्णिमा साहू ने भी इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इसके पश्चात बिरसानगर स्थित संडे मार्केट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु जूट व कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सांसद विद्युत वरण महतो के साथ मानगो स्थित एनएच 33 पर निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाईओवर) परियोजना का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा तथा वर्षों की जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

