उदित वाणी कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिला मुख्यालय स्थित सदर थाना क्षेत्र की मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक 30 वर्षीय महिला की उसके घर के अंदर गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान शंभू राणा की पत्नी नेहा राज के रूप में हुई है. वारदात की जानकारी दोपहर करीब 12:30 बजे लोगों को तब हुई, जब मृतका का छोटा बेटा स्कूल वैन से पढ़ाई कर घर लौटा.
बच्चा जैसे ही कमरे के अंदर दाखिल हुआ, अपनी मां को खून से लथपथ देखकर चीखने लगा और डर के मारे घर से बाहर की ओर भागा. मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने तुरंत महिला के पति शंभू राणा को फोन किया. आनन-फानन में परिचितों और स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी डर का माहौल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा सदर थाना प्रभारी और एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. वारदात में किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है.
पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे छिपे कारणों और अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


