
उदित वाणी, चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में रंगामाटी से सिल्ली जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित टीकर पुल की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने सरकार से इस स्थान पर शीघ्र नया पुल निर्माण कराने की मांग की। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि टीकर पंचायत के पास स्थित यह पुल लगभग 30 वर्ष पूर्व निर्मित हुआ था, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत काफी खराब हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क रंगामाटी–सिल्ली भाया टीकर मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण जर्जर पुल स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
पुल की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक सविता महतो ने बताया कि पूर्व में उनके प्रयास से इस मार्ग की जर्जर सड़क का मरम्मत कराया गया था, लेकिन पुल की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
जनहित को देखते हुए उन्होंने सरकार से टीकर में जल्द से जल्द एक मजबूत और बड़ा नया पुल बनाने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही से जुड़ा है, इसलिए सरकार को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

