उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित यूनिक कलेक्शन नामक दुकान में फायरिंग की घटना से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में बंद आरोपी रोशन ने अब अपनी जमानत के प्रयास तेज कर दिए हैं। आरोपी रोशन की ओर से अधिवक्ता आनंद झा ने बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की है। अर्जी दाखिल होने के बाद कोर्ट में सुनवाई को लेकर कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। गौरतलब है कि 15 मई को जुगसलाई स्टेशन रोड की यूनिक कलेक्शन दुकान में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस जांच के दौरान सन्नी सिंह का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। आरोप है कि सन्नी सिंह दुकान में पहुंचकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया, जबकि पुलिस ने कई अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की। इस क्रम में पहले से जेल में बंद मनीष सिंह को भी मामले में आरोपी बनाया गया है और उसके खिलाफ फायरिंग के साथ-साथ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस केस से जुड़े सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच जारी है। रोशन की जमानत अर्जी पर आने वाला कोर्ट का निर्णय मामले में अहम माना जा रहा है।

