उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी 80 वर्षीय सुदर्शन शर्मा की शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. रोजाना की तरह वह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन यह सैर उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा साबित हुई.
जानकारी के अनुसार, सुदर्शन शर्मा सुबह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे. इसी दौरान डिमना की ओर से मानगो जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. काफी प्रयास के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. वहीं, हादसे के बाद फरार बस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इस घटना से शंकोसाई क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.


