उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी के उलीडीह थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक तीन साल की मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया गया. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश व्याप्त है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घिनौनी वारदात बुधवार, 17 जून की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. मासूम बच्ची अपने घर के पास स्थित एक वाहन सर्विस सेंटर के समीप खेल रही थी. इसी दौरान घात लगाए बैठे एक शख्स ने एकांत पाकर बच्ची के साथ जबरन छेड़छाड़ की. घटना का पता चलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत न्याय की गुहार लेकर उलीडीह थाना पहुँचे.
पीड़ित परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी और उसे सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया. गुरुवार को एमजीएम अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया. उलीडीह थाना पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.


