उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिल्ली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप नदी में शनिवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
मिली जानकारी के अनुसार, मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-14 निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद सलमान, पिता मोहम्मद सरफराज, अपने दो दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने के लिए पुड़ीसिल्ली पहुंचा था. बताया जाता है कि नहाने के दौरान सलमान अचानक गहरे पानी की ओर चला गया. कुछ ही देर में वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा. साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं चांडिल के इंस्पेक्टर रवि सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन खोज अभियान शुरू कराया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक के शव को नदी से बाहर निकाला.
शव बरामद होने की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. जवान बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया जा रहा है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है. वहीं प्रशासन ने भी बरसात के मौसम में गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.


