उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के आवासीय क्वार्टर एल-5/55 को खाली कराने को लेकर शुक्रवार सुबह बड़ा विवाद खड़ा हो गया। टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम जैसे ही यह आवास खाली कराने पहुंची, उन्हें ट्रैफिक पुलिस में कार्यरत एएसआई अमरेश कुमार सिंह और उनके परिवार के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। कंपनी अधिकारियों का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी विगत ढाई वर्षों से क्वार्टर में अनधिकृत रूप से रह रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, आवास को पूर्व में खाली कराए जाने के बाद ताला तोड़कर पुनः कब्जा कर लिया गया। साथ ही बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का निर्बाध उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को वित्तीय नुकसान भी हुआ। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में संपत्ति पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के तहत आवास किसी दूसरे कर्मी को आवंटित किया जाना चाहिए था।
टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों ने दावा किया कि एएसआई अमरेश कुमार सिंह को कई बार मौखिक और लिखित रूप से क्वार्टर खाली करने का आग्रह किया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इधर, एएसआई अमरेश कुमार सिंह और उनके परिवार ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें अब तक कोई नोटिस नहीं मिला और वे आवास खाली करने का इरादा नहीं रखते। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। टाटा स्टील यूआईएसएल ने जानकारी दी है कि मामले को लेकर पहले ही थाना को सूचित किया जा चुका है और कंपनी अब पुलिस प्रशासन के सहयोग से कानूनी प्रक्रिया के तहत क्वार्टर खाली कराने की कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।


