उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड की गरीब कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां काम के दौरान करंट की चपेट में आकर चौका थाना क्षेत्र के बालीडीह निवासी 22 वर्षीय मजदूर रवि माझी की मौत हो गई। साथी मजदूरों ने उसे गंभीर अवस्था में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक रवि माझी कपाली गौस नगर निवासी ठेकेदार शरीफ अंसारी के अधीन मजदूरी कर रहा था। हादसे के बाद ठेकेदार ने परिजनों को सूचित किया और इलाज के नाम पर 13,500 रुपये दिए। परिजनों का आरोप है कि आगे की आर्थिक सहायता का आश्वासन देने के बाद ठेकेदार का मोबाइल बंद हो गया, जिससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई।
बुधवार रात ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों ने गांव में बैठक कर उचित मुआवजे की मांग उठाई। इसके पश्चात वे रात लगभग 10 बजे रवि माझी का शव लेकर आजादनगर थाना पहुंचे और ठेकेदार व मकान मालिक से मुआवजे की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति दी। फिलहाल, पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।


