उदित वाणी, जमशेदपुर : शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से जमशेदपुर योधायीन राउंड टेबल-338 (JYRT-338) द्वारा बुधवार को एबीआर पब्लिक स्कूल, पारडीह, मानगो में नव निर्मित पुस्तकालय (लाइब्रेरी) ब्लॉक का उद्घाटन किया गया. यह परियोजना राउंड टेबल इंडिया की राष्ट्रीय पहल “फ्रीडम थ्रू एजुकेशन” के तहत पूरी की गई.
इस अवसर पर एरिया-16 के चेयरमैन अभिजीत मोहंती (राउरकेला) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एरिया-16 के वाइस चेयरमैन . कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रमोद जी तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सारिका भी मौजूद रहीं.
जमशेदपुर योधायीन राउंड टेबल-338 के चेयरमैन ऋषभ अग्रवाल ने बताया कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है. इसके तहत लाइब्रेरी में टेबल, कुर्सियां, बुक रैक, पुस्तकें, पेंटिंग तथा प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विद्यार्थियों में अध्ययन और पठन-पाठन की रुचि बढ़ सके.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा में किया गया निवेश समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाता है. उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग कर ज्ञानार्जन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
उद्घाटन समारोह में राउंड टेबल-338 के सदस्य गौरव लूथरा, विशाल मूनका, रवि खंडेलवाल, अभिषेक अग्रवाल, तनय झावर, चाहत पंचमिया, विकास सिंह, हर्षित झुनझुनवाला, वेंकट सुशांत और आहान पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने जमशेदपुर योधायीन राउंड टेबल-338 के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.


