उदित वाणी, जमशेदपुर : सीएसआईआर-नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी जमशेदपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के छात्र सेमिनार “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (बीटीटीडी-2026)” समापन हो गया. मेटलर्जिकल और मटेरियल्स इंजीनियरिंग पर केंद्रित यह कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ.
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम) जमशेदपुर चैप्टर के तत्वावधान में एनएमएल, टाटा स्टील लिमिटेड और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित इस सेमिनार में देशभर से 160 से अधिक उत्साही छात्रों और विद्वान वक्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान 101 शोध-पत्र विभिन्न समानांतर सत्रों में प्रस्तुत किए गए, जिनमें मेटलर्जी और मटेरियल्स साइंस के अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई.
सेमिनार के दूसरे दिन जिंदल स्टील लिमिटेड के वीपी (आरएंडडी) डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने “R&D, Innovation and the Future of Indian Manufacturing: A Risk Management Perspective” विषय पर मुख्य भाषण दिया. यह इंटरैक्टिव कीनोट लेक्चर छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा, जिसकी अध्यक्षता एनएमएल के चीफ साइंटिस्ट और एमईआर डिवीजन के प्रमुख डॉ. संजय कुमार ने की. पारंपरिक शोध-पत्र प्रस्तुतियों के अलावा सेमिनार में “मेटा रील्स”, “स्टूडेंट्स डिबेट” और “स्टूडेंट एवं फैकल्टी इंटरैक्शन” जैसे विशेष सत्र आयोजित किए गए. इन सत्रों ने छात्रों को खुलकर अपनी राय रखने और सुझाव देने का अवसर प्रदान किया, जिससे भविष्य के संस्करणों को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
26 छात्रों को मिला पुरस्कार
समापन सत्र की शुरुआत आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर के चेयरपर्सन डॉ. अतनु रंजन पाल के स्वागत भाषण से हुई. एनएमएल के चीफ साइंटिस्ट और बीटीटीडी के वाइस-चेयरमैन डॉ. गोपी किशोर मंडल ने सम्मेलन के प्रमुख निष्कर्षों पर प्रकाश डाला. उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि विशेषज्ञ व्याख्यान, छात्र प्रस्तुतियां, क्विज और औद्योगिक भ्रमण को एकीकृत करने वाला यह अनोखा प्रारूप छात्रों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध हुआ.
समापन अवसर पर उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार वितरण किया गया. 26 छात्रों को “बेस्ट ओरल प्रेजेन्टेशन” का पुरस्कार मिला, जबकि ऑनलाइन “मेटा क्विज” प्रतियोगिता में दो छात्रों को सम्मानित किया गया. पुरस्कार घोषणा एनएमएल के प्रिंसिपल साइंटिस्ट और बीटीटीडी कन्वीनर ललित कुमार मीणा ने की. एनएमएल के चीफ साइंटिस्ट डॉ. वी.सी. श्रीवास्तव ने समापन टिप्पणी प्रस्तुत की.
समारोह का समापन छात्रों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया. कन्वीनर और टाटा स्टील के प्रिंसिपल साइंटिस्ट श्री मनीष भदू ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने 19 जून 2026 को आयोजित होने वाले औद्योगिक भ्रमणों की जानकारी दी, जिसमें छात्र टाटा स्टील लिमिटेड, टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट्स (गम्हरिया), टाटा टिनप्लेट और एनएमएल का दौरा करेंगे. ये भ्रमण छात्रों को अकादमिक ज्ञान को औद्योगिक अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान करेंगे. यह कार्यक्रम भविष्य के मेटलर्जिस्टों को प्रेरित करने और भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ.


