उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लूट, छिनतई, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण चर्चा में रहने वाली कुख्यात अपराधी प्रिया उर्फ ‘चटनी डॉन’ के खिलाफ पुलिस अब और सख्त रुख अपनाने जा रही है. उसके बढ़ते आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उसके विरुद्ध क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि प्रिया उर्फ चटनी डॉन के खिलाफ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई संगीन मामले दर्ज हैं. इनमें लूटपाट, छिनतई, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े केस शामिल हैं. लगातार आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता को देखते हुए पुलिस पहले ही उसे तड़ीपार करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी थी.
हालांकि तड़ीपार की कार्रवाई पूरी हो पाती, उससे पहले ही प्रिया एक अन्य मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर ली गई. गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है. विभिन्न थानों से उसके खिलाफ दर्ज मामलों का विवरण जुटाया जा रहा है, ताकि उसके अपराधों का व्यापक रिकॉर्ड तैयार किया जा सके.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रिया के साथ किन-किन लोगों का संपर्क रहा है और उसके आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं. जांच के दौरान उसके सहयोगियों और संभावित गिरोह के सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रिया के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की समीक्षा की जा रही है. आवश्यक दस्तावेज, केस हिस्ट्री और अन्य रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसके विरुद्ध सीसीए लगाने की अनुशंसा जिला प्रशासन को भेजी जाएगी. यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो उसके खिलाफ और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई संभव हो सकेगी.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लगातार अपराध में संलिप्त रहने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे.


