उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के एम-46 ब्लॉक में शुक्रवार सुबह ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां दो शातिर बदमाशों ने अंधविश्वास और भय का सहारा लेकर अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं टाटा मोटर्स कर्मी लाल मोहन महंता की पत्नी संगीता महंता (53) से करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है.
पीड़िता द्वारा टेल्को थाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घर से सब्जी खरीदने निकली थीं. घर से कुछ ही दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोककर ‘अनीता’ नामक एक योग शिक्षिका के बारे में पूछताछ की. संगीता के अनभिज्ञता जताने पर वहां उसका एक अन्य साथी भी पहुंच गया. दोनों ने बातचीत के दौरान खुद को स्थानीय और विश्वसनीय व्यक्ति साबित करने का प्रयास किया. इनमें से एक ने खुद को वकील बताते हुए पास की इमारत में रहने का दावा किया.
बातों ही बातों में बदमाशों ने महिला को यह कहकर भयभीत कर दिया कि उनके बच्चों पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और यदि तत्काल उपाय नहीं किया गया तो अनहोनी हो सकती है. इसके बाद उन्होंने महिला से शरीर पर पहने सभी सोने के गहने उतरवाकर एक बैग में रखवा लिए. फिर करंज के चार पत्ते लाने और टोटके के नाम पर 11 कदम आगे चलने को कहा. महिला जैसे ही उनके निर्देशानुसार आगे बढ़ीं, दोनों आरोपी जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. जाते-जाते वे महिला का मोबाइल फोन, कुछ नकदी और घर की चाबियां भी साथ ले गए.
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी सफेद शर्ट और काली पैंट पहने हुए थे. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.


