उदित वाणी, आदित्यपुर : राज्य के कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत एजाज अनवर आदित्यपुर नगर निगम के नए नगर आयुक्त बनाए गए हैं. जबकि अमित कुमार को नया उप नगर आयुक्त बनाया गया है. इस संबंध में झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग के द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.
झारखंड प्रशासनिक सेवा (झाप्रसे) के 88 पदाधिकारियों का तबादला
कार्मिक विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, झारखंड प्रशासनिक सेवा (झाप्रसे) के कुल 88 पदाधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन (Jharkhand Administrative Service Transfer) किया गया है. इसी फेरबदल के तहत आदित्यपुर नगर निगम में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है.
निवर्तमान नगर आयुक्त रवि प्रकाश प्रोन्नत, पारुल सिंह को भी नई जिम्मेदारी
कार्मिक विभाग की अधिसूचना के अनुसार, आदित्यपुर नगर के निवर्तमान नगर आयुक्त रवि प्रकाश को प्रोन्नत करते हुए संथाल परगना प्रमंडल (दुमका) के आयुक्त का सचिव बनाया गया है. वहीं, अपनी कड़क कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली निवर्तमान उप नगर आयुक्त पारुल सिंह को उप निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में तेजी आने की उम्मीद
कार्मिक विभाग की इस अधिसूचना के बाद नए अधिकारियों के शीघ्र ही आदित्यपुर में पदभार ग्रहण करने की संभावना है. स्थानीय स्तर पर आम जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा यह उम्मीद जताई जा रही है कि नए पदाधिकारियों के पदस्थापन से नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में और तेजी आएगी.

