उदित वाणी, रांची : रांची के खुदरा और स्थानीय व्यापारियों के लिए एक नई संभावनाओं भरी शुरुआत की जा रही है। कोका-कोला इंडिया और मून बेवरेजेज लिमिटेड ने छोटे दुकानदारों, रेस्टोरेंट संचालकों और स्थानीय कारोबारियों के लिए कूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, फ्रिज और डिजिटल टूल्स उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, इस नवाचार का लक्ष्य स्थानीय व्यापार को नया विस्तार देना और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाना है। कोका-कोला इंडिया और साउथवेस्ट एशिया के वाइस प्रेसिडेंट संदीप बजोरिया का कहना है कि शहर के छोटे दुकानदार स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर उनके कारोबार को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
साथ ही, एमएमजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन अनंत अग्रवाल ने बताया कि डिजिटल टूल्स और बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से अब छोटे कारोबारी भी अपने व्यापार को नया आयाम दे सकते हैं। कंपनी का दावा है कि इस पहल से कई स्थानीय व्यवसायों को अपने ग्राहकों तक बेहतर पहुंच बनाने, व्यापार को विस्तार देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सीधा लाभ मिल रहा है। यह प्रयास रांची के कारोबारी परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

