उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित खालसा बस्ती में सोमवार को पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक महिला और उसकी बेटी घायल हो गईं। दोनों को परिजनों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल महिला मलकित कौर ने बताया कि वह सोमवार को अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनकी बहू रेखा कौर अपने मायके पक्ष के कुछ लोगों के साथ वहां पहुंची। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि रेखा कौर, उसके पिता, भाई और बहन ने मिलकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की इस घटना में मलकित कौर को हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी बेटी परमजीत कौर को सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। घायल परमजीत कौर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष उनके बेटे की पल्सर मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
गोलमुरी थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


