
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे महाप्रबंधक का कार्यालय, गार्डनरीच (कोलकाता) में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया. इस अवसर पर एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा द्वारा राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाकर की गई. उन्होंने उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, सिविल डिफेंस, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), स्काउट एंड गाइड और अन्य प्रतिभागियों से देश की अखंडता, एकता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है, और उनके विचार आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
‘एकता दौड़’ कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने परेड मार्च के बाद एक दौड़ में हिस्सा लिया, जो रेलवे कॉलोनी क्षेत्र से होते हुए मैत्री पार्क तक पहुंची और वहीं से मुख्यालय पर समाप्त हुई. पूरे मार्ग में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘राष्ट्र की एकता हमारी पहचान’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा.
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के उपमहाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी, लिपिक कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान, रेल सिविल डिफेंस कर्मी, स्काउट एंड गाइड सदस्य एवं कई अन्य कर्मचारियों ने भी भाग लिया.
टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम का नेतृत्व गीता कुमारी और डी. आनंद राव ने किया. दोनों ने बताया कि सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए आज का यह आयोजन एकजुट भारत के संदेश को मजबूत करने का प्रतीक है.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.

