
उदित वाणी, चक्रधरपुर : छठ महापर्व के मद्देनज़र चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में विशेष वार रूम की स्थापना की गई है. इस वार रूम से मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशन -टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा -में यात्रियों की बढ़ती भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है.
रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह वार रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा. इसमें तैनात कर्मचारी तीनों प्रमुख स्टेशनों के सीसीटीवी मॉनिटरिंग के जरिये भीड़ की स्थिति पर निगरानी कर रहे हैं.

डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने और अनावश्यक जमावड़े से बचाने के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं.
छठ महापर्व को लेकर यात्रियों की सुविधा के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल से बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क सुनिश्चित करने हेतु 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं, जिससे लोगों को यात्रा में असुविधा न हो.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी परेशानी की स्थिति में रेलवे कर्मियों से तुरंत संपर्क करें.

