
उदित वाणी, जमशेदपुर : बक्सर से टाटा जा रही बक्सर-टाटा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया. विद्यासागर और जामताड़ा स्टेशन के बीच कालाझरिया गांव के पास ट्रेन की इंजन से तीसरी बोगी में अचानक धुआं और आग की हल्की लपटें दिखीं, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखते-चिल्लाते हुए ट्रेन से कूदने लगे.
सूत्रों के मुताबिक आग ब्रेक बाइंडिंग के बाद अंडर गियर में लगी थी, जहां से धुआं और चिंगारियां उठ रही थीं. स्थिति गंभीर होते देख लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया. इस दौरान करीब 45 मिनट तक ट्रेन रुकी रही.
घबराहट में कई यात्री ट्रेन से कूद पड़े, जिससे चोटिल होने की आशंका बनी रही. दूसरी लाइन से आ रही ट्रेन के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा था, लेकिन समय रहते यात्रियों को सतर्क कर दिया गया और अनहोनी टल गई.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी और न ही जानमाल का कोई नुकसान हुआ. आग पूरी तरह से नियंत्रित होने के बाद ट्रेन को पुनः टाटा की ओर रवाना कर दिया गया. रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है.

