
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए निकाय क्षेत्रों के जिला प्रशासनों की ओर से सुरक्षा को लेकर बरती जा रही बिशेष चौकसी बरती
उदित वाणी, रांची : राज्य के नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों व 19 नगर पंचायतों में शनिवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर समाप्त हो जायेगा. इसके बाद प्रत्याशी सिर्फ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साध सकेंगे. लोगों को लाउडस्पीकर और भोंपू से होने वाले शोर-शराबे से राहत मिलेगी. जबकि सभी निकायों में 23 फरवरी को एक साथ वोटिंग शुरू हो जायेगी. वहीं मतगणना 27 फरवरी को करायी जायेगी.
वहीं शनिवार शाम 5 बजे से 24 फरवरी की सुबह तक राज्य के निकाय क्षेत्रों के सभी शराब की दुकानों बार समेत शराब की आपूर्ति पूरी तरह बंद रखने का आदेश पहले ही जारी किया चुका है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी निकाय क्षेत्रों के जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा को लेकर बिशेष चौकसी बरती जा रही है.
हर मतदान केंद्र पर पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी और गश्ती दल लगातार इलाके पर नजर रखेंगे. संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. सोमवार को होनेवाले मतदान के लिए 21 व 22 फरवरी को सभी नगर निकायों में मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ डिस्पैच किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक मतदान कर्मियों के डिस्पैच की तैयारियों के मद्देनजर सभी निकायों में सामग्री कोषांगों में आवश्यक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में है.
वहीं शुक्रवार को निकाय क्षेत्रों के सामान्य प्रेक्षकों ने मतदान में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया. प्रेक्षकों द्वारा मतदान दलों को उपलब्ध कराए जाने वाले किट की तैयारी, स्टेशनरी सामग्री की समुचित पैकिंग तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए सामग्री का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.
डिस्पैच के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो. इसके लिए चेकलिस्ट आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से करने के भी निर्देश दिए गए. सभी जिलों में परिवहन कार्यालय द्वारा वाहनों को जब्त कर अधिक से अधिक संख्या में वाहनों को निर्धारित जगहों पर लाकर रखा गया है.

