
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जा चुका है। जिला प्रशासन ने दोनों नदियों के तटीय इलाकों और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर मंगल ब्रिज स्थल पर 123.36 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जो कि खतरे के स्तर 121.50 मीटर से ऊपर है। वहीं, खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर ब्रिज स्थल पर 134.90 मीटर तक पहुंच चुका है, जो कि खतरे के स्तर 129 मीटर से ऊपर है।
जिला प्रशासन ने जनसाधारण से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें। प्रशासन इस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और नागरिकों को किसी भी तरह की जनहानि से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी जा रही है।

