
चौबे व शराब घोटाले के अन्य आरोपियों के खिलाफ अब ईडी ने भी दर्ज किया मुकदमा
उदित वाणी, रांची : निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. निलंबित आईएएस विनय चौबे को वन भूमि घोटाला मामले में हजारीबाग की निचली अदालत ने राहत नहीं दी और उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दी. वहीं चौबे व शराब घोटाले के अन्य आरोपियों के खिलाफ अब ईडी भी जांच करेगा.
चौबे समेत शराब घोटाला मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ एसीबी थाना रांची में 20 मई 2025 को दर्ज कांड संख्या 9/2025 के आधार पर ईडी ने पीएमएलए के तहत केस दर्ज कर लिया है. ईडी ने 28 नवंबर को ही इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट [ईसीआइआर] 10/2025 में सभी आरोपितों के विरुद्ध पीएमएलए के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
ईडी द्वारा अब सभी आरोपियों से पूछताछ की जायेगी. इसके लिए ईडी पीएमएलए कोर्ट से अनुमति लेगा. राज्य में शराब घोटाला मामले में एसीबी झारखंड ने प्रारंभिक जांच [पीई] दर्ज की थी. पीई में एसीबी को यह सबूत मिले कि उत्पाद विभाग में नियमों को ताक पर रखकर प्लेसमेंट एजेंसियों का चयन किया गया और उन्हें अनैतिक लाभ पहुंचाया गया. इससे झारखंड सरकार को लगभग 38 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा.

