
उदित वाणी, कांड्रा: कांड्रा की मुख्य सड़क इन दिनों गंभीर जलजमाव की समस्या से जूझ रही है। सड़क के दोनों ओर की नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिसके चलते गंदा नाली का पानी खुलेआम सड़क पर बह रहा है। इस स्थिति ने स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहाल कर दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण पानी का बहाव अवरुद्ध हो गया है। बारिश या हल्की बूँदाबाँदी में भी पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे पैदल चलना और वाहन चलाना तक मुश्किल हो गया है।
लोगों ने जीआरडीसीएल(झारखंड रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कंपनी की कार्यप्रणाली में लापरवाही और उदासीनता साफ झलकती है।
ग्रामीणों की माँग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस ओर ध्यान दे और जेआरडीसीएल को निर्देशित करे कि नालियों की सफाई और सड़क की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।


