
उदित वाणी, साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के रतनपुर गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही बेटे की हत्या कर दी. पुलिस ने बुधवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला और उसके कथित प्रेमी रोहित साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोर ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. पुलिस जांच में सामने आया कि मीनू देवी का अपने भांजे रोहित साह के साथ अवैध संबंध था. 7 फरवरी को महिला का पति हेमंत साह किसी काम से बाहर गया था. इसी दौरान रोहित साह घर आया. बताया जाता है कि दोनों आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी आयुष ने उन्हें देख लिया और शोर मचाने लगा. इसी बीच दोनों ने मिलकर उसे काबू में किया और रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
दोनों ने बाद में शव को घर के पीछे तालाब के पास फेंक दिया. पति के लौटने पर महिला ने बेटे के लापता होने की कहानी गढ़ी. उसने बताया कि आयुष बाथरूम जाने की बात कहकर निकला था और वापस नहीं लौटा.
परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद किशोर तालाब किनारे अचेत अवस्था में मिला. उसे बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ के सोनाजोड़ी अस्पताल रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरी घटना का खुलासा किया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
(आईएएनएस)

