
उदित वाणी, रांची : राजभवन में वीआईपी मेहमानों के लिए छह करोड़ की लागत से मदरा मुंडा गेस्ट हाउस बनाया गया है. बताया गया कि गेस्ट हाउस का रखरखाव अब फाइव स्टार होटलों की तरह ही होगा. राज्य सरकार इसकी देखरेख पर सालाना एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगी. यह अतिथिशाला राजभवन के निकट ही मौजूद है. गेस्ट हाउस के रखरखाव की जिम्मेदारी बीवीजी इंडिया लिमिटेड को बिना टेंडर के देने की तैयारी की गई है. बिना टेंडर के रखरखाव का काम बीवीजी इंडिया लिमिटेड को देने के संबंधी प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा गया है.
गेस्ट हाउस में नौ कमरे और दो सुइट की देखरेख के लिए राज्य सरकार सालाना एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगी. इसके अलावा खानपान पर खर्च का वहन अलग से किया जायेगा. सेवा क्षेत्र की इस ख्याति प्राप्त कंपनी के जिम्मे देश की कई नामी गिरामी संस्थानों की देखरेख का जिम्मा है. कंपनी की ओर से गेस्ट हाउस की देखरेख के लिए तीन दर्जन कर्मियों को रखने का प्रस्ताव दिया गया है. इन कर्मियों के वेतनादि भुगतान देने के एवज में सरकार से राशि की मांग की जा रही है. इसके अलावा इस अतिथिशाला में पहुंचनेवाले लोगों के खानपान के लिए अलग से राशि राज्य सरकार से वसूली जायेगी.
