
उदित वाणी, रांची: रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की द्वितीय प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक एवं नगर निकाय सम्मान समारोह का आयोजन 22 मार्च, रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के बहुउद्देशीय सभागार में किया जाएगा. कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को किया जाएगा सम्मानित
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में मारवाड़ी समाज से झारखंड नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित सभी मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया जाएगा.
साथ ही, चुनाव में भाग लेने वाले मारवाड़ी समाज के अन्य प्रत्याशियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है. उल्लेखनीय है कि इस बार के नगर निकाय चुनाव में मारवाड़ी समाज से 1 मेयर, 2 अध्यक्ष, 3 उपाध्यक्ष एवं 18 पार्षद निर्वाचित हुए हैं.
उपस्थिति के लिए किया गया आग्रह
मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं महामंत्री विनोद कुमार जैन ने सभी कार्यसमिति सदस्यों, पूर्व प्रांतीय अध्यक्षों, जिला एवं शाखा अध्यक्षों, मंत्रियों, विशेष आमंत्रितों और परामर्शदात्री समिति के सदस्यों से इस बैठक एवं सम्मान समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है.
तैयारियों का लिया गया जायजा
प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है.
इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सुभाष पटवारी, ललित कुमार पोद्दार, मनोज कुमार चौधरी, नंदकिशोर पाटोदिया, कौशल राजगढ़िया, अनिल कुमार अग्रवाल, संजय सर्राफ, निर्मल बुधिया, महेश कुमार समेत कई सदस्य उपस्थित रहे.

