
उदित वाणी, रांची : झारखंड और बंगाल से जुड़े बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में ईडी द्वारा जांच तेज कर दी गई. मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत चल रही जांच में ईडी ने धनबाद के प्रमुख कोयला कारोबारी एलबी सिंह को एक बार फिर समन जारी किया. जबकि पहले समन में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जांच एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए थे. ईडी द्वारा अब एलबी सिंह को 9 मार्च की सुबह 11 बजे रांची स्थित जांच एजेंसी के जोनल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
ईडी ने वित्तीय लेनदेन और बरामद दस्तावेजों पर पूछताछ के लिए उन्हें अब नया समन जारी किया है. गौरतलब है कि पिछले साल 21 नवंबर को ईडी ने एलबी सिंह और उनके करीबियों के धनबाद और दुमका स्थित लगभग 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी और 2.20 करोड़ रुपये नकद तथा 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज बरामद किया था. इसके अलावा अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई साक्ष्य भी मिले थे.
कोयला घोटाले के इस मामले में ईडी ने अलग-अलग चार इंफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट दर्ज की है. जांच एजेंसी को आशंका है कि बरामद संपत्ति और नकदी अवैध कोयला कारोबार और भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई है. एलबी सिंह के अलावा अनिल गोयल, संजय खेमका और अमर मंडल जैसे कारोबारी भी ईडी के रडार पर हैं.
