
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री आवास घेराव करने के मामले में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस की डिस्चार्ज पिटीशन पर 28 जुलाई को रांची की एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी. मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से जबाब दाखिल किया जाना है. सहिस ने 13 मई को ही डिस्चार्ज पिटीशन दाखिल कर बिशेष अदालत से खुद को आरोप मुक्त करने का आग्रह किया है. ज्ञात हो कि इसी मामले में पूर्व में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की डिस्चार्ज पिटीशन खारिज हो चुकी है. इनके खिलाफ अब आरोप गठित करने की प्रक्रिया चल रही है. बिशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित करने के लिए भी 28 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है.
इस मामले में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक कुशवाहा शिव पूजन मेहता और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवशरण भगत आरोपी हैं. इन सभी पर सरकारी काम में बाधा डालने, नियम विरुद्ध रैली करने समेत कई आरोपों में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जबकि बर्ष 2021 में ओबीसी आरक्षण बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर आजसू पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री आवास का घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया था. पुलिस द्वारा मोरहाबादी में ही आजसू पार्टी की रैली को रोका गया था और आजसू कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोंकझोंक व धक्का-मुक्की हुई थी.
