
उदित वाणी, धनबाद : पुटकी थाना क्षेत्र के पासी धौड़ा में गुरुवार को पुराने विवाद ने दोबारा हिंसक रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि खाने-पीने के विवाद और आपसी रंजिश को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें रवि पासी नामक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग उग्र हो उठे और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे. इस दौरान जमकर तोड़फोड़ भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुटकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया. इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया.
किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस घटना की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
घायल युवक के पिता बद्री पासी ने बताया कि उनका बेटा रवि घर के बाहर चाय पी रहा था, तभी कुछ लोग अचानक कुल्हाड़ी लेकर उस पर हमला कर भाग गए. फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है.

