
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के भूला गांव में सोमवार की सुबह दो घरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 5 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली. यह घटना सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच घटी, जब घर के सभी सदस्य खेतों या अन्य कामों में व्यस्त थे.
तीन संदिग्ध, दो बाहर खड़े और एक भीतर गया
चश्मदीद ग्रामीणों ने बताया कि तीन अजनबी लोगों को घर की ओर आते देखा गया था. दो व्यक्ति बाहर खड़े थे और एक व्यक्ति भीतर गया था. ग्रामीणों ने उन्हें रिश्तेदार समझ कर अनदेखा कर दिया.
खेत गए थे सभी, खाली घर को बनाया निशाना
चोरी के समय पीड़ित छुटुलाल महतो खेत में धान रोपनी के लिए गए थे. उनकी पत्नी और बेटियां भी खेत, स्कूल या बकरी चराने के काम में थीं. उनकी मां भी खेत में ही काम कर रही थीं. इस बीच चोरों ने दोनों घरों के ताले तोड़ डाले.
बक्से से उड़ाए लाखों रुपये
छुटुलाल महतो ने बताया कि उन्होंने धान, बकरी, भेड़ और सब्जी बेचकर जमा किए गए करीब 4 लाख रुपये तीन बक्सों में रखे थे. वहीं, उनकी मां ने भी पेंशन और पशु बिक्री से जमा किए गए 1 लाख रुपये अपने बक्से में रखे थे. जब वह 11 बजे लौटे तो घर का ताला टूटा पाया. भीतर जाकर देखा तो सभी बक्से जमीन पर गिरे पड़े थे और नकदी गायब थी.
पुलिस ने की जांच, थाना प्रभारी ने उठाए सवाल
दोपहर में छुटुलाल महतो ने बोड़ाम थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. शाम को लिखित शिकायत दर्ज की गई. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने कहा कि इतनी बड़ी राशि घर में रखना संदेहास्पद है. उन्होंने पीड़ित से पूछा कि यह पैसा बैंक में क्यों नहीं रखा गया. जवाब में छुटुलाल ने कहा कि बैंक जाने और पैसा निकालने में कठिनाई होती है, इसलिए घर में ही रखा था.
गांव में दहशत, खेती के मौसम में चिंता
इस चोरी की घटना के बाद भूला गांव में सनसनी फैल गई है. ग्रामीण चिंतित हैं कि खेती के इस व्यस्त मौसम में चोरों ने कैसे इतनी सफाई से घटना को अंजाम दिया.

