
उदित वाणी सरायकेला-खरसावाँ : सरायकेला-खरसावाँ जिले के खरसावाँ स्थित हल्दी प्रसंस्करण इकाई का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा प्रसंस्करण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने अधिकारियों और एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के सदस्यों को निर्देश दिया कि वर्तमान सीजन में क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक हल्दी की खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
उन्होंने एफपीओ सदस्यों को हल्दी प्रसंस्करण इकाई का सुचारु और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा, जिससे स्थानीय किसानों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
डीडीसी ने हल्दी उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादों की बिक्री को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, स्थानीय खुदरा दुकानों, जेएसएलपीएस के पलाश स्टोर्स तथा विभिन्न डिपार्टमेंटल स्टोर्स के माध्यम से बढ़ावा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि हल्दी प्रसंस्करण इकाई के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और एफपीओ सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।

