
उदित वाणी जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में शुक्रवार को भारतीय गोवंश रक्षण, संवर्धन परिषद (विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा विभाग) की विधि विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभाग विधि प्रमुख सुशील शर्मा ने की।
बैठक में गोरक्षा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत साहू, न्यास के सह मंत्री गब्बू लाल जायसवाल तथा प्रांत विधि प्रमुख दीपक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान जमशेदपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर मानगो, आजाद नगर, कपाली, बारीनगर, जुगसलाई, हल्दी पोखर और फूलपाल जैसे सामुदायिक बहुल क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हो रही गोकशी तथा बंगाल सीमा से सटे इलाकों में गोवंश तस्करी को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान शासन और प्रशासन इन गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल रहा है। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए प्रशासन को इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार को लेकर भी गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। इस क्रम में रमेश प्रसाद, राजीव ओझा, हेमंत कुमार, अमित कुमार सिन्हा, मिथिलेश कुमार तथा श्याम गुप्ता को महानगर विधि सह प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। वहीं भरत कुमार को जुगसलाई तथा सिकंदर को आदित्यपुर नगर विधि प्रमुख बनाया गया।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, महानगर विधि प्रमुख लालटु चंद्रा सहित सुधीर प्रसाद, अनिल वर्मा, आनंद झा, अमित कुमार, कुलदीप सिंह, सिकंदर कुमार, सुकेश अग्रवाल, चंदन यादव, अमन कुमार उपाध्याय, सूरज सिंह, सुमन कुमार, मनीष प्रसाद, राजेश सिंह, जीवन कुमार समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

