
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में दो दिन पहले हुई एक दुखद घटना का आज अंत हो गया। डोबो पुल से स्वर्णरेखा नदी में कूदने वाली युवती सुमि प्रामाणिक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुमि प्रामाणिक जमशेदपुर के भुइयाडीह क्षेत्र की निवासी थीं। वह 1 अगस्त को सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुल से नदी में कूद गई थीं। इस घटना के बाद से पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नदी में लगातार खोजबीन कर रही थी।
आज 3 अगस्त की सुबह लगभग 8 बजे बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुग के पास स्थानीय लोगों ने स्वर्णरेखा नदी में पत्थरों के बीच एक शव फंसा हुआ देखा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन कैमरे की मदद से शव का लोकेशन ट्रेस किया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पहचान करने पर पुष्टि हुई कि यह शव सुमि प्रामाणिक का ही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस युवती के परिजनों के बयान दर्ज कर लिया है और मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।


