
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा से बेताकोचा टुसू मेला गए करीब 40 लोग घर लौटते समय गुरुवार की शाम लगभग आठ बजे एनएच-33 पर भिलाई पहाड़ी के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. इस दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्ची विनता मुंडा की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे और उनके परिजन घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, सभी लोग 407 गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे. निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर के पास किसी कारणवश वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया. इससे वैन असंतुलित हो गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.
सूचना मिलते ही जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता मौके पर पहुंचे और एमजीएम पुलिस को घटना की जानकारी दी. उन्होंने अपने वाहन एवं पुलिस वाहन की सहायता से सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने विनता मुंडा को मृत घोषित कर दिया.
पिंटू दत्ता ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों की संख्या कम थी, जिससे इलाज में देरी हो रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी को सूचना दी. उनकी पहल पर उपायुक्त के निर्देश से तुरंत अतिरिक्त चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्था को तेज किया गया.
फिलहाल कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. सूचना पाकर देवघर पंचायत के मुखिया शशि सिंह समेत अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है.

