
पीएम के दौरे से लेकर पूरे श्रावणी मेला तक शहर ड्रोन कैमरे के जद में रहेगा
उदित वाणी, रांची: 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देवघर आगमन व विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर देवघर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पूरे शहर को ड्रोन कैमरे के जद में लाया गया है तथा शहर में कमांड कंट्रोल सिस्टम इस्तेमाल किया जा सकता है. 12 जुलाई को प्रधानमंत्री पौने चार घंटे देवघर में रूकेंगे. दोपहर बाद एक बजे पीएम मोदी देवघर पहुंचेंगे.
देवघर पहुंचकर प्रधानमंत्री सबसे पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और देवघर एम्स के लिए 250 बेड का अस्पताल व टाटा-रांची फोरलेन का उध्दघाटन समेत अन्य कई योजनाओं का उध्दघाटन व शिलान्यास करेंगे. इसके बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे. पीएम मोदी बाबा मंदिर के गर्भगृह में एक घंटे द्वादश लिंग का आराधना करेंगे. इस दौरान गर्भगृह में प्रधानमंत्री के अलावा सिर्फ प्रमुख पुरोहित ही होंगे.
पूजा-अर्चना के बाद प्रधानमंत्री देवघर कॉलज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. जनसभा के बाद देवघर एयरपोर्ट से अपराहन 4.45 बजे पीएम का विमान वापस दिल्ली के लिए टेकऑफ करेगा. प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर गुरुवार को एसपीजी की टीम देवघर पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की गई. वहीं बताया गया कि प्रधानमंत्री के आगमन व प्रसिध्द श्रावणी मेला को लेकर राज्य सरकार की और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है.
पुलिस मुख्यालय द्वारा इस साल अधिक पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. देवघर जिले के 300 बल के अलावा राज्य के 20 जिलों समेत अन्य रक्षावाहिनी से तकरीबन 12 हजार पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है. पुलिस तीन पालियों में 24 घंटे मुस्तैद रहेगी और पुलिसबल 19 अगस्त तक देवघर जिले में प्रतिनियुक्त रहेंगे.
इस दौरान दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भीड़ नियंत्रण के लिए की जायेगी. इसके अलावा बड़े पैमाने पर इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारियों समेत कई मजिष्ट्रेट तैनात किए जा रहे हैं. सभी भीड़भाड़ वाले इलाके में बिशेष बलों की तैनाती की जा रही है. कांवरिया पथ व मेला क्षेत्र में 21 अस्थायी थाना तथा 11 अस्थायी ट्रैफिक थाने भी बनाए गये हैं.
इधर प्रधानमंत्री के स्वागत व जनसभा को लेकर भाजपा द्वारा भरपूर तैयारी की जा रही है. लोगों के बीच निमंत्रण पत्र भी वितरित किया जा रहा है.

