
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बारिगोड़ा देवगम टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर के पास दीवार गिरने से 9 महीने के मासूम आशीष करूवा की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन 8 वर्षीय लक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है.
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मोहल्ले में टुन्नु जसवाल के घर पर सीमेंट उतारा जा रहा था. इस दौरान मालवाहक टेंपो चालक ने गाड़ी बैक करने के चक्कर में घर की दीवार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दीवार भरभराकर गिर गई और मलबे में खेल रहे आशीष और लक्षिता दब गए. परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया. वहीं, लक्षिता का पैर टूट गया और उसका इलाज जारी है.
मृतक के पिता सुखराम करूवा लाफार्ज कंपनी में ठेका मजदूर हैं. परिजनों ने आरोप लगाया कि संकरी सड़क पर गिट्टी गिराकर रखी गई थी, जिससे गाड़ियों का आना-जाना मुश्किल हो रहा था. इसी बीच टेंपो चालक ने जबरन गाड़ी बैक की और यह दर्दनाक हादसा हो गया. बताया जाता है कि सुखराम करूवा को बड़ी मन्नतों के बाद तीन बेटियों के बाद बेटा हुआ था, जिसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टेंपो व चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

