
उदित वाणी, जमशेदपुर: एलबीएसएम कालेज में प्लेसमेंट को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पिछले दिनों शहर का यह ऐसा पहला कॉलेज बना जहां से सीधे टाटा स्टील अप्रेंटिस के लिए छात्रों को मौका दिया गया.
अब एक बार फिर से एलबीएसएम कॉलेज जमशेदपुर ने विद्यार्थियों के प्लेसमेंट को लेकर गंभीरता दिखाई है. यहां के 21 विद्यार्थियों का टाटा फाउंडेशन के सहयोग से अलग-अलग कंपनियों में प्लेसमेंट हुआ है. पिछले दिनों लगे रोजगार मेले में टाटा फाउंडेशन की मदद से इन विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार कराया गया.
इन विद्यार्थियों को 17 हजार से लेकर 24 हजार तक का मासिक पैकेज ऑफर किया गया है. प्राचार्य डॉ. एके झा ने बताया कि महाविद्यालय अपने यहां से स्नातक या स्नातकोत्तर उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी योजनाबद्ध ढंग से रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है.
इसी के तहत टाटा फाउंडेशन के सहयोग से प्लेसमेंट काउंसलिंग का आयोजन किया गया. 45 अन्य विद्यार्थी भी बुधवार को साक्षात्कार के लिए बर्मामाइंस स्थित टाटा टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट पहुंचेंगे.
टाटा फाउंडेशन की ओर से शंख नील बसु ने मंगलवार को छात्रों को साक्षात्कार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. बुधवार को 45 शॉर्ट लिस्ट विद्यार्थियों को मल्लपुरम फाइनेंस द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काउंसलिंग सेशन का आयोजन किया गया है. मौके पर कॉलेज के प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. विजय प्रकाश, विनोद कुमार, विनय कुमार, पुरुषोत्तम प्रसाद, संतोष राम आदि उपस्थित थे.
बताते चलें कि एलबीएसएम कॉलेज के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने टाटा फाउंडेशन के साथ एक लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किया है.
इसके माध्यम से विद्यार्थियों की कॅरियर काउंसलिंग कराने और अंतिम वर्ष के छात्रों को प्लेसमेंट का अवसर उपलब्ध कराना है. इसी पहल के तहत कॉलेज की लक्ष्मी मुर्मू, बाहारानी मुर्मू और सिंगो हेंब्रम को बजाज फाइनेंस में आकर्षक वेतन पर जॉब ऑफर प्राप्त हुआ है. इसी तरह आई कैन मैनपॉवर सर्विसेज से एक विद्यार्थी को, एक को कंक्रीट कंपनी से, एक को क्वेस्कॉर्प, एक छात्र-छात्रा को फाइव-एस डिजिटल, दो विद्यार्थियों को यशराज सीटीसी और दो को संजीव रमन सिक्योरिटी एजेंसी से नौकरी के ऑफर प्राप्त हुए हैं.

