
उदित वाणी जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में संचालित तीन एंबुलेंस से होने वाली आय का पैसा कई महीनों से अस्पताल के सरकारी खाते में जमा नहीं किया जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी ने संबंधित वाहन चालकों को पत्र जारी कर तत्काल राशि जमा करने का निर्देश दिया है।
जारी निर्देश में कहा गया है कि एंबुलेंस सेवा के लिए मरीजों से ली जाने वाली राशि को नियमानुसार अस्पताल के खाते में जमा करना अनिवार्य है। यह राशि अस्पताल में एंबुलेंस सेवा को बेहतर बनाने और संचालन में उपयोग की जाती है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से एंबुलेंस चालकों द्वारा मरीजों से ली गई राशि सरकारी खाते में जमा नहीं की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी चालकों को जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आगे सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है, ताकि एंबुलेंस सेवा की पारदर्शिता और व्यवस्था बनी रहे।

