
उदितवाणी, गुड़ाबांदा : चारों ओर पहाड़ों से घिरे गुड़ाबांदा प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक स्थित कोलाबाड़िया टोला में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बाइक और पैदल यात्रा कर पहुँचे. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी ज़मीनी समस्याओं को सुना.

ग्रामीणों ने रखीं बुनियादी समस्याएं
ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष कई आवश्यक मुद्दे रखे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे —
पक्के पहुंच पथ की कमी
बिजली व पेयजल संकट
आवास योजना से वंचित लोग
स्थायी आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता
ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों और माताओं को उचित पोषण व सुविधा देने के लिए एक स्थायी केंद्र आवश्यक है.

समस्याओं के निराकरण का मिला आश्वासन
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी हो और ग्रामीणों को समयबद्ध लाभ मिले. उन्होंने आजीविका, कृषि और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं से भी ग्रामीणों को जोड़ने के निर्देश दिए.
विद्यालय और आंगनबाड़ी का निरीक्षण
उपायुक्त ने कोलाबाड़िया टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय और अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई, उपस्थिति और पाठ्य सामग्री की जानकारी ली. उन्होंने शिक्षकों से भी चर्चा की और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का आश्वासन दिया.
उपायुक्त ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
भागीदारी से होगा विकास
उपायुक्त ने ग्रामीणों से कहा कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में सहभागी बनें. समस्याओं की जानकारी पंचायत और प्रखंड स्तर पर समय-समय पर दें, ताकि त्वरित समाधान हो सके.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे. इसके लिए दुर्गम क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा लगातार दौरा किया जा रहा है.
उपस्थित अधिकारी
मौके पर घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोड़ाह, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.

