उदित वाणी, जमशेदपुर : जेएसए फुटबॉल लीग के मैचों में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. प्रीमियर डिवीजन में विशाल मुखी के शानदार हैट्रिक ने स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर को शानदार जीत दिलाई, जबकि अन्य डिवीजनों में भी कड़े संघर्ष वाले मैच खेले गए. प्रीमियर डिवीजन में विशाल मुखी का हैट्रिक, स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर ने झारखंड स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से हराया.
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए प्रीमियर डिवीजन मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर ने झारखंड स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से हरा दिया. विशाल मुखी (जर्सी नंबर 20) स्टार ऑफ द मैच रहे. उन्होंने 20वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, फिर 28वें मिनट में दूसरा गोल दागा और 43वें मिनट में हैट्रिक पूरा कर हाफ टाइम तक मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया. झारखंड स्पोर्टिंग क्लब की ओर से राजेश टुडू (जर्सी नंबर 10) ने 66वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन टीम हार से नहीं बच सकी.
सुपर डिवीजन
गोपाल मैदान पर सुपर डिवीजन मैच में पंडित रघुनाथ मेमोरियल फाउंडेशन ने जमशेदपुर बॉयज क्लब को 1-0 से हरा दिया. मैच के इंजरी टाइम (90+5 मिनट) में प्रदीप मुर्मू (जर्सी नंबर 17) ने निर्णायक गोल कर टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई.
ए डिवीजन (ग्रुप ए)
जेएफसी यूथ ने विज़न एपेक्स के खिलाफ 1-1 से निकाला ड्रा. टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ग्रुप ए के मैच में जमशेदपुर एफसी यूथ ने विज़न एपेक्स फुटबॉल क्लब के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 1-1 का ड्रा खेला. विज़न एपेक्स ने तीसरे मिनट में ही बिकास मांझी (जर्सी नंबर 12) के गोल से बढ़त बना ली थी. जेएफसी यूथ ने लगातार दबाव बनाए रखा और 57वें मिनट में मार्शल हेम्ब्रोम (जर्सी नंबर 51) के गोल से बराबरी कर ली. मैच में विज़न एपेक्स के बिस्वनाथ लोहार को दो पीली कार्ड मिलने के बाद 68वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया.

ए डिवीजन (ग्रुप बी)
अरुणा समिति क्लब की धमाकेदार 4-2 से जीत. आर्मरी ग्राउंड पर ग्रुप बी मुकाबले में अरुणा समिति क्लब ने विकास समिति को 4-2 से हरा दिया. अरुणा समिति के लिए रौनक मुखी (10′), सनी दीप मुखी (28′), नमन मुखी (31′) और प्रीत सोना (35+3′) ने गोल किए. विकास समिति की ओर से रामस्वरूप सोरेन (17′) और साहिल तुडू (69′) ने गोल किए. मैच में अरुणा समिति के रोनित करुआ को पहले हाफ के इंजरी टाइम में रेड कार्ड मिला, लेकिन टीम ने मैच को आराम से समाप्त किया.


