
उदित वाणी, जमशेदपुर : देर रात आज़ाद नगर थाना क्षेत्र के 65 चणकपुरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पुलिस ने छापेमारी कर सात युवकों को हिरासत में लिया। बताया गया कि कुछ युवक यहां नशा कर रहे थे जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कई युवक भाग खड़े हुए, लेकिन सात को मौके से पकड़ लिया गया।
हिरासत में लिए गए सभी युवकों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ये युवक देर रात स्वास्थ्य केंद्र परिसर को अड्डा बनाकर नशा कर रहे थे, जिससे आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया था।
थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा कि नशे और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में लगातार गश्ती और छापेमारी अभियान चलाकर ऐसे अड्डों को खत्म करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच के बाद युवकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी पुलिस ऐसे ठिकानों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

