
लगातार बारिश से खतरे के निशान पार
उदित वाणी जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियां खरकई और स्वर्णरेखा उफान पर हैं। खरकई नदी का जलस्तर 3.5 मीटर और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 0.20 मीटर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इससे शहर सहित आस-पास के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
उपायुक्त ने दिए राहत-बचाव के निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों, नगर निकायों और प्रखंड प्रशासन को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जलजमाव संभावित इलाकों की निगरानी की जाए और वहां राहत व बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से सतर्क किया जाए, और यदि स्थिति बिगड़ती है तो उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। ज़रूरत पड़ने पर राहत शिविरों की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नदी किनारे जाने से बचें और ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर रहने की कोशिश करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
आपदा प्रबंधन टीम लगातार निगरानी में
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जल स्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए टीमें तैयार हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर निरंतर समीक्षा की जा रही है और आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जाएंगे ताकि जनहानि और संपत्ति का नुकसान रोका जा सके।

