
उदित वाणी, जमशेदपुर: खड़गपुर आईआईटी द्वारा वार्षिक सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव स्प्रिंग फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है. 2 लाख से अधिक की ऑनलाइन पहुंच के साथ, पूर्णत: छात्रों द्वारा आयोजित होने वाली स्प्रिंग फेस्ट एशिया में अपनी तरह के सबसे बड़े उत्सवों में से एक है.
भारत के लगभग 850 प्रमुख कॉलेजों के प्रतिभागी इस 3 दिवसीय उत्सव में सम्मिलित होने खड़गपुर आते हैं। स्प्रिंग फेस्ट 2022, इस उत्सव का 63वां संस्करण था जो 11 से 13 मार्च, 2022 को हुआ था.
इस वर्ष, स्प्रिंग फेस्ट ने नृत्य, नाटक, संगीत, फैशन एवं साहित्य कार्यक्रमों के लिए राष्ट्रव्यापी प्रारंभिक आयोजन हिच हाइक आयोजित किया था. यह भारत भर के ग्यारह शहरों दिल्ली, मुंबई, पुणे, बैंगलोर, हैदराबाद, अहमदाबाद, नागपुर, भोपाल, लखनऊ, जयपुर और चंडीगढ़ में आयोजित किया गया. प्रतिभागियों और आयोजन टीम के स्पष्ट और नवोदित उत्साह के साथ, स्प्रिंग फेस्ट का यह संस्करण शायद पहले से कहीं अधिक भव्य था.
ग्यारह प्रमुख शहरों में प्रीलिम्स के सफल आयोजन के बाद अब अन्य छह शहरों कोलकाता, भुवनेश्वर, पटना, रांची, गुवाहाटी, रायपुर में नृत्य, नाटक, संगीत, फैशन और साहित्यिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए तैयार हैं. छात्र या सांस्कृतिक अकादमी के प्रतिनिधि जो एलिमिनेशन में भाग लेने के इच्छुक हैं वे वेबसाइट eliminations.springfest.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
स्प्रिंगफेस्ट छह प्रमुख शहरों मुंबई, बैंगलोर, दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, गुवाहाटी, में अपनी राष्ट्रव्यापी रॉक बैंड प्रतियोगिता- वाइल्डफायर भी आयोजित करने जा रहा है, जिसकी पुरस्कार राशि 1.5 लाख है. वे सभी बैंड जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहते हैं और स्प्रिंगफेस्ट में शामिल होना चाहते हैं वे wildfire.springfest.in पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
स्प्रिंग फेस्ट में 12 शैलियों और 130 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है, जिसकी पुरस्कार राशि लगभग 35 लाख रुपए है.
स्प्रिंग फेस्ट का मुख्य आकर्षम स्टार-नाइट्स है. इसमें शान, विशाल शेखर, फरहान अख्तर, अमित त्रिवेदी, शंकर एहसान लॉय, सलीम सुलेमान, प्रतीक कुहाड़ जैसे कलाकार तथा दी रघु दीक्षित प्रोजेक्ट, अग्नि, इंडियन ओसियन, स्वरात्मा, परिक्रमा, युफोरिया, पेंटाग्राम, द लोकल ट्रेन जैसे कई और यादगार प्रदर्शन स्प्रिंग फेस्ट में हुए हैं.

