
उदित वाणी, जमशेदपुर: फेरी लगा कर मसाला बेचने वाले लबघन सहिस के पुत्र सागर सहिस ने 12वीं में इस वर्ष जिले का साइंस टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. सागर सहिस एसएस प्लस-टू हई स्कूल पटमदा के छात्र हैं.
उन्हें 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। वह वर्ष 2020 में अपने स्कूल का भी टॉपर रहा था. भविष्य में सागर भौतिकी के शिक्षक बनना चाहते हैं. मूल रूप से बंगाल निवासी एवं पिछले करीब 20 वर्षों से पटमदा के लावा गांव में रह रहे लवघन सहिस गरीबी के कारण पहले जमशेदपुर में किसी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे.
बाद में मसाला एवं चनाचुर के व्यवसाय से जुड़कर पटमदा एवं बोड़ाम क्षेत्र में फेरी का काम करते हैं. सागर सहिस ने बताया कि वह शिक्षक इसलिए बनना चाहते हैं, क्योंकि ग्रामीण इलाकों में अच्छे शिक्षकों की कमी है.
इस कमी को दूर करने के लिए वे शिक्षक बन ग्रामीण इलाके में शिक्षा की लौ जलाना चाहते हैं. सागर ने बताया कि पिता ने फेरी लगाकर किसी तरह पढ़ाया है. मां, चंचला सहिस गृहणी हैं. दीदी की शादी हो चुकी है और वह घाटशिला में स्नातक कर रही हैं. सागर को परीक्षा में 461 नंबर मिले हैं. परीक्षा की तैयारियों के बारे में पूछने पर सागर ने बताया कि वह प्रतिदिन चार से पांच घंटे पढ़ते थे.
परीक्षा के पहले तो नियमित विषयों को रिवाइज करने के लिए पढ़ते थे. इसी का नतीजा रहा कि उन्हें झारखंड एकेडेमिक काउंसिल की ओर से आयोजित इंटर सइंस की परीक्षा में 92.2 प्रतिशत अंक मिले.
वे पटमदा के दिलीप शर्मा के पास ट्यूशन पढ़ते थे और नियमित फीस जमा नहीं करने के बावजूद अच्छे और मेधावी छात्र होने के कारण शिक्षक उन्हें मन लगाकर पढ़ाया. सागर के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का माहौल बनाने जरूरी है, इसलिए वे बतौर शिक्षक अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं. फिलहाल किसी अच्छे कॉलेज में फिजिक्स ऑनर्स के साथ वे स्नातक की पढ़ाई करना चाहते हैं.
बताते हैं कि अगर कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट में सही रैंक मिलने पर बढ़िया कॉलेज में दाखिला लेना चाहेंगे. उनसे मुलाकात करने पहुंचे बुद्धिजीवी मंच पटमदा के अध्यक्ष गोपाल कुमार ने आगे की पढ़ाई में मदद का भरोसा दिलाया है.
बेटे की सफलता से उत्साहित लबघन सहिस कहते हैं कि मेरी मेहनत तभी सफल हो पाएगी, जब बच्चे पढ़-लिखकर कर कहीं पहुंच जाएं और समाज में उजियारा फैलाएं. गौरतलब हो कि लावा गांव के ही बेलटांड़ टोला निवासी छात्र सुमित कुमार महतो ने पिछले वर्ष एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा से कोल्हान टॉपर बनकर क्षेत्र का नाम रौशन किया था जिसके बाद स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी ने उन्हें करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर में भर्ती कराया है.
शुरू से ही रहा मेधावी छात्र
लावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक सह ट्यूटर उज्ज्वल कांति दास ने सागर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह प्राथमिक स्तर से ही मेधावी छात्र रहा है. वह निर्धनता सह मेधावी छात्र की परीक्षा समेत क्विज आदि में सफल होते रहे हैं. ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सागर सहिस पर गर्व है और उनकी इस सफलता के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा.

