
उदित वाणी, जमशेदपुर: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी ने जिला गवर्नर बिपिन चाचन एवं प्रथम महिला शिल्पी चाचन के नेतृत्व में शुक्रवार को तीन महत्वपूर्ण जनकल्याण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन पहलों का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा के माध्यम से समुदाय में स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाना है।
अब कोर्ट परिसर में मिलेगा शुद्ध पेयजल
पहली परियोजना के तहत सकची स्थित सीजेएम कोर्ट परिसर में एक स्वच्छ पेयजल स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन सीजेएम विशाल गौरव, प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय एवं क्लब अध्यक्ष शिवानी गोयल की उपस्थिति में हुआ। यह सुविधा कोर्ट आने वाले आम नागरिकों और कर्मचारियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।
नवजात जीवन रक्षा के लिए समर्पित आईसीयू
दूसरी परियोजना के रूप में श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, बिष्टुपुर में 7-बेड वाला नवजात आईसीयू (NICU) शुरू किया गया। इस 60 लाख रुपये की ग्लोबल ग्रांट परियोजना में आधुनिक वेंटिलेटर, इन्क्यूबेटर, मॉनिटर और अन्य जीवन रक्षक उपकरण शामिल हैं. इस परियोजना को केशवजी छगनलाल ज्वेलर्स ने प्रायोजित किया। क्लब अध्यक्ष शिवानी गोयल ने परियोजना की प्रस्तुति दी, जबकि गवर्नर बिपिन चाचन ने इसका उद्घाटन कर इसे शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी उपलब्धि बताया।
अब जुगसलाई में मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
तीसरी और सबसे महंगी परियोजना राजस्थान सेवा सदन अस्पताल, जुगसलाई में शुरू की गई। 80 लाख रुपये की ग्लोबल ग्रांट योजना के तहत यहां डायलिसिस मशीनें, आईसीयू बेड, और एक आरओ प्लांट स्थापित किए गए। इसका उद्घाटन बिपिन चाचन और एस.पी. बगारिया ने किया। दिलीप गोयल ने इस परियोजना की विस्तार से जानकारी दी।
नेतृत्व की प्रेरणा और संगठन की एकता
गवर्नर बिपिन चाचन ने रोटरी क्लब की सेवा भावना और संगठनात्मक एकजुटता की सराहना की। वहीं क्लब अध्यक्ष शिवानी गोयल ने कहा: “हमारी सभी परियोजनाएं समाज में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने की सोच के साथ शुरू की गई हैं। सेवा ही हमारा उद्देश्य है।”

