
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूईलाडूंगरी इलाके में गुरुवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। घटना रात करीब 9 बजे की है, जब टूईलाडूंगरी निवासी लोचन कुमार राधाकृष्णा मंदिर के समीप टहल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों गोलियां लोचन को छूते हुए निकल गईं और वह बाल-बाल बच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और लोचन को सुरक्षित स्थान पर ले गए। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लोचन कुमार ने प्राथमिक बयान में बताया कि उसे किसी तरह की कोई दुश्मनी की जानकारी नहीं है, न ही किसी से हाल में कोई विवाद हुआ है। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या पूर्व विवाद से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर ली जाएगी। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

