
- चुनाव पदाधिकारी ने यूनियन चुनाव की अधिसूचना जारी की
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआइएसएल परिसर स्थित ग्रीन लॉन में सोमवार को टाटा स्टील यूटिलिटी एंड सर्विसेस श्रमिक यूनियन (पहले जुस्को श्रमिक यूनियन) की आमसभा हुई, जिसमें यूनियन के वर्तमान अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय को को ऑप्ट कर लिया गया. चुनाव पदाधिकारी सीएस झा ने पांडेय के कॉप्शन का प्रस्ताव लिया, जिसे हाथ उठाकर यूनियन सदस्यों ने पारित किया. इस तरह अब रघुनाथ पांडेय अध्यक्ष का चुनाव लड़ सकेंगे. आमसभा में यूनियन के कुल 648 सदस्यों में से लगभग 500 सदस्य मौजूद थे. विपक्ष की ओर से कप्शन प्रक्रिया का कोई विरोध नहीं किया गया. विपक्षी खेमे के गोपाल जायसवाल का कहना है कि 500 में केवल 50 लोगों ने हाथ उठाया, उसमें भी आधे डर से हाथ उठाए. हमारी हमेशा से मांग रही है कि एजीएम में को ऑप्शन बैलेट के आधार पर हो, लेकिन नहीं हुआ. संविधान की संशोधित प्रतिलिपि भी सदस्यों को नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि हमारी आगे की रणनीति चुनाव में जाने की है. पहले विपक्ष ने आमसभा में को ऑप्शन की प्रक्रिया का विरोध करने को कहा था. मगर विरोधी खेमे के साइलेंट मोड में आने पर भी कई सवाल उठ रहे हैं? एक नेता का कहना है कि विपक्ष अपने स्वार्थ के लिए प्रेशर डिप्लोमेसी की चाल चल रहा है.
11 बजे से शुरू हुई आमसभा
कर्मचारियों का एजीएम स्थल पर आना 10 बजे से ही शुरु हो गया था. एजेंडा के मुताबिक चुनाव पदाधिकारी ने दिवगंत सदस्यों के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया. दिवगंत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद रघुनाथ पांडेय का नाम सदस्य के लिए कॉप्शन का प्रस्ताव पेश किया गया. कोई दूसरा नाम सामने नहीं आने पर सदस्यों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से कॉप्शन को पास कर दिया. इस तरह रघुनाथ पांडेय को यूनियन का सदस्य चुन लिया गया. इसके बाद चुनाव पदाधिकारी सीएस झा ने सदस्यों के नाम नोटिस जारी कर रघुनाथ पांडेय के सह सदस्य के रुप में कॉप्ट होने की जानकारी दी.
चुनाव कार्यक्रम जारी, 10 को होगा मतदान
एजीएम समाप्त होने के बाद चुनाव पदाधिकारी ने शाम में चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया. जारी कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार की शाम 6 बजे से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. मंगलवार 27 मई को सुबह 10 बजे ड्राफ्ट चुनाव क्षेत्र का प्रकाशन तथा 28 मई बुधवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ड्राफ्ट चुनाव क्षेत्र पर दावा-आपत्ति दाखिल होगा.शाम 6 बजे अंतिम चुनाव क्षेत्र का प्रकाशन, 29 मई गुरुवार की सुबह 10 बजे चुनाव क्षेत्र के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन होगा. 30 मई शुक्रवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावा आपत्ति दाखिल तथा शाम 6 बजे मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा. 31 मई शनिवार की सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण, 2 जून सोमवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों को जमा करने तथा शाम 7 बजे नामांकन पत्र जमा करनेवाले प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा. 3 जून मंगलवार की सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच तथा शाम 7 बजे जांच के उपरांत वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन हो जाएगा. 4 जून बुधवार की सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने तथा शाम 7 बजे नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन होगा. 6 जून शुक्रवार की सुबह 11.30 बजे से शाम 4 बजे तक उम्मीदवारों के बीच मतपत्र के नमूनों का वितरण किये जाएंगे. ये सभी कार्यक्रम यूनियन कार्यालय परिसर में होंगे. 10 जून मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. शाम 4.15 बजे चुनाव पदाधिकारी द्वारा निवर्तमान कार्यकारिणी समिति से कार्यभार का हस्तांतरण, शाम 4.30 बजे से मतपत्रों की गिनती अंतिम परिणाम आने तक, अंतिम परिणाम आने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी तथा कमेटी मेंबरों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण तथा 11 जून को नई कमेटी को कार्यभार हस्तांतरण किया जाएगा. ये सभी कार्यक्रम टाटा स्टील यूआइएसएल परिसर में होगा. सभी कार्यक्रम कमेटी मेंबर तथा पदाधिकारी के लिए एक साथ चलेंगे.
टॉप फोर पद के लिए 5000 होगा नामांकन शुल्क
चुनाव पदाधिकारी ने नामांकन पत्र का शुल्क भी निर्धारित कर दिया है. इस संबंध में नोटिस जारी कहा गया है कि कमेटी मेंबर के चुनाव के लिए प्रति नामांकन पत्र 1000 रुपये, उपाध्यक्ष तथा सहायक सचिव के पद के लिए प्रति नामांकन पत्र 3000 रुपये तथा अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, डिप्टी प्रेसिडेंट तथा कोषाध्यक्ष के लिए प्रति नामांकन पत्र 5000 रुपये शुल्क लगेंगे. इसके अलावा चुनाव नियमावली भी प्रकाशित की गई, जिसमें बताया गया है कि कोई भी प्रत्याशी कमेटी मेंबर या पदाधिकारी यानि एक ही चुनाव लड़ सकता है. जिस चुनाव क्षेत्र के मतदाता होंगे उसी क्षेत्र से कमेटी मेंबर का चुनाव लड़ सकेंगे. अप्रैल 2025 के वेतन से सदस्यता शुल्क कटौती होनेवाले ही मतदाता होंगे, जबकि कमेटी मेंबर चुनाव लड़ने के लिए कम से कम लगातार दो वर्षों तक सदस्यता होना चाहिए. यह चुनाव तीन वर्षों की अवधि के लिए होगा.
17 कमेटी मेंबर्स और 10 ऑफिस बेयरर्स के लिए होगा चुनाव
इस साल यूनियन के चुनाव में केवल 17 कमेटी मेंबर्स और 10 ऑफिस बेयरर्स चुने जाएंगे. संविधान में संशोधन कर इनकी संख्या कम कर दी गई है. पहले 23 कमेटी मेंबर्स और 12 ऑफिस बेयरर्स थे.
विपक्षी नेता गोपाल जायसवाल जेनरल सेक्रेटरी का चुनाव लड़ेंगे
इस बार यूनियन के कोषाध्यक्ष और विपक्ष का चेहरा माने जाने वाले गोपाल जायसवाल जेनरल सेक्रेटरी का चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है.
आचार संहिता लागू
चुनाव पदाधिकारी ने देर शाम तक चुनाव आचार संहिता भी लागू कर दिया है. जारी संहिता के मुताबिक कोई भी अपने पद का दुरुपयोग नहीं करेंगा. अपने निर्वाचन क्षेत्र को छोड़कर दूसरे निर्चावन क्षेत्र में नहीं जाएगा, चुनाव परिसर में मोबाइल फोन व कैमरा ले जाना मना होगा समेत कुल 12 निर्देश दिये गये हैं. आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाये जाने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है. चुनाव से संबंधित सभी विवाद पर चुनाव समिति का फैसला अंतिम होगा.

