
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व दिशा पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव में बदल सकता है। 24 अक्टूबर तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है।
यदि ऐसा होता है तो 25 अक्टूबर तक झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिलेगी। जमशेदपुर भी इससे अछूता नहीं रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल ओडिशा और झारखंड में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक आनंद ने कहा है कि 24 अक्तूबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है, जो चक्रवात का रूप ले सकता है. फलस्वरूप 24 अक्तूबर यानि दीपावली को आकाश में बादल छाये रहेंगे।
हालांकि यह चक्रवात बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जा रहा है। इसका आंशिक असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में पड़ेगा। इससे रांची समेत, चाईबासा, जमशेदपुर में 25 अक्तूबर को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाश में बादल छाये रह सकते हैं. बारिश का भी पूर्वानुमान है। अगर बारिश हुई, तो अधिकतम तापमान में भी गिरावट होगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर कम होने पर ठंड का एहसास ज्यादा होने लगेगा। मौसम में भी बदलाव होगा।
आसमान में छाये रहेंगे बादल
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दिवाली को लेकर मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके तहत कुछ जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं, वहीं कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गयी है.।इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में दिवाली के मौके पर सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। उत्तर पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी (कोल्हान व संथाल क्षेत्र) भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जबकि शेष भागों में मौसम शुष्क रहेगा. राज्य के दक्षिण पूर्वी, उत्तर पूर्वी एवं निकटवर्ती मध्य जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाएं (अधिकतम 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चल सकती हैं।
कल से यहां बारिश की आशंका
मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में सामान्यत: बादल छाये रहेंगे। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
ये है कारण
बंगाल की खाड़ी के ऊपर कई दिनों से बने दबाव के आज गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। इसके चलते 24 अक्टूबर यानी दिवाली के दिन चक्रवाती तूफान आ सकता है और 25 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट पर यह पहुंच जाएगा। चक्रवाती तूफान के चलते कल से नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना और झारखंड समेत कई तटीय राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
Advertisement
<

